यूपी के रायबरेली में शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रमजान माह के पहले जुमे की नमाज शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अदा की गई। मस्जिदों और अन्य इबादत स्थलों पर भारी भीड़ उमड़ी। अकीदतमंदों ने नमाज अदाकर देश में अमन चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत सुबह से ही मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। लालगंज कस्बे के रामलीला मैदान स्थित कांचमील मस्जिद, अलीनगर की मोहम्मदिया मस्जिद व कादरी मस्जिद, अल्लानगर मोहल्ला स्थित मस्जिद व सेमरपहा और बहाई गांव सहित मुस्लिम बहुल इलाकों में बड़ी संख्या में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने मस्जिदों में पहुंचकर नमाज पढ़ी। इस दौरान नमाजियों ने देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। मस्जिदों के इमामों ने रमजान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से संयम और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। पुलिस और प्रशासन की सतर्कता के चलते पूरे इलाके में जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई।