रायबरेली में शहर के मतदान केंद्र कंपोजिट स्कूल, बालापुर में मतदाता सूची देखने पहुंचे कई लोगों को निराशा हाथ लगी। वजह उनके नाम मतदाता सूची में नहीं थे। कइयों ने नए फार्म भरकर वोटर बनने का जज्बा दिखाया। बालापुर की रहने वाली पूनम का नाम मतदाता सूची में नाम नहीं था। इससे उनके चेहरा मायूस दिखा। हालांकि बीएलओ शारदा देवी ने पूनम से फार्म नंबर छह भराया। यहीं की रहने वाली संजना ने वोटर बनने के लिए फार्म भरा। कहा कि उन्हें इस बार मताधिकार का प्रयोग करना है। संशिक्षा मतदान केंद्र पर भी सुबह से वोटर मतदाता सूची देखने के लिए एक-एक करके पहुंचते रहे। यहां पर इक्का-दुक्का लोग ही थे, जिनके नाम मतदाता सूची में नहीं थे। कई ऐसे वोटर थे, जिनकी 2003 की मतदाता सूची से मैप नहीं थी। ऐसे वोटरों को नोटिस जारी करने का कार्य शुरू किया गया है। शिवाजी नगर निवासी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि उनके बेटों का नाम मतदाता सूची में नहीं था। बेटे भी वोटर बन सके, इसलिए बूथ पर पहुंचकर फार्म नंबर छह भरा। केंद्रीय स्कूल गोरा बाजार मतदान केंद्र पर भी सुबह से ही मतदाता सूची देखने के लिए वोटरों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। गणेश नगर निवासी देवेंद्र कुमार अवस्थी ने बताया कि फार्म गलत भरा था और उसे समय से जमा नहीं कर पाया। इसलिए बेटे का नाम मतदाती सूची से कट गया। अब सही तरीके से फार्म भरकर बीएलओ के पास जमा किया है।