रायबरेली के ऊंचाहार में बस स्टेशन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। परिवहन विभाग को ग्राम पट्टी रहस कैथवल में बस स्टेशन के लिए जमीन मिल गई है। दो दिन पहले मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में बस स्टेशन के लिए जमीन हस्तांतरित किए जाने को मंजूरी दे दी गई है। ऊंचाहार में बस स्टेशन के निर्माण की योजना काफी समय से चल रही है। लेकिन, जमीन न होने से योजना को पंख नहीं लग पा रहे थे। यहां बस स्टेशन के लिए 9.84 करोड़ का बजट शासन स्तर से पास हो चुका है। अब मॉडल बस स्टेशन बनेगा। इसमें फूड कोर्ट, मल्टीप्लेक्स और रिटेल आउटलेट होगा। पिछले विधानसभा चुनाव में भी बस स्टेशन के निर्माण का मुद्दा उठा था। ऊंचाहार में बस स्टेशन बनने से सलोन, प्रतापगढ़ और प्रयागराज का सफर आसान हो जाएगा। करीब सवा पांच बीघा जमीन में बस स्टेशन का निर्माण होना है। पूर्व मंत्री और विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने बस स्टेशन के निर्माण के लिए प्रयास उस समय किया था, जब यहां बिजली के ट्रांसमिशन निर्माण का प्रस्ताव पास हुआ था। अब कैबिनेट बाई सर्कुलेशन ने ग्राम पट्टी रहस कैथवल में निशुल्क जमीन हस्तांतरित किए जाने की मंजूरी दे दी है।