पेशी पर आए बंदी ने सिपाही की आंख में मिर्च पाउडर झोंक दिया जिससे सिपाही की आंख में जलन होने लगी। इसके बाद भी पुलिस की अभिरक्षा से बंदी फरार नहीं हो सका। सिपाही इलाज के लिये जिला अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार किया गया। एनडीपीएस मामले में 2020 से जिला कारागार में बंद बंदी इमरान सोमवार को पेशी पर कचहरी लाया गया। कोर्ट के बाहर पुलिस वाहन से उतरते ही बंदी इमरान ने सिपाही हिमांशु की आंख में मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद बंदी ने फरार होने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। बंदी इमरान ने बताया कि उसे जिला कारागार में बंद एक अन्य बंदी ने पाउडर दिया था। जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ रोशन पटेल ने सिपाही की आंख का प्राथमिक उपचार किया और नेत्र रोग विशेषज्ञ को आंख दिखाने की सलाह दी।