मुजफ्फरनगर जनपद में जानसठ के मोहल्ला सराय तुलसीराम में हाइटेंशन विद्युत लाइन के ट्रांसफार्मर से करंट लगने के कारण सात वर्षीय बालक शाबयान की मौत हो गई। बताया गया कि कच्चे रास्ते के पास करीब तीन फुट नीचे रखे ट्रांसफार्मर के पास खेलते समय बालक का पैर फिसल गया और वह ट्रांसफार्मर पर गिर पड़ा। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने कोतवाली और तहसील पहुंचकर हंगामा किया और बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों ने मुकदमा दर्ज कराने, ट्रांसफार्मर को वहां से हटाने और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की। सूचना मिलने पर एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।