मुजफ्फरनगर। सिखेड़ा के गांव बेहड़ा अस्सा निवासी विकसित उर्फ रॉकी की हत्या बड़ौत में उसकी पत्नी रेणू के घर पर की गई थी। बेटे बादल को सौतेला पिता पसंद नहीं था। यही वजह है कि उसने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की वारदात अंजाम दी। मां बहाने से लेकर गई। वारदात के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी करीब 100 किमी घूमते रहे। इसके बाद दाव से सिर और धड़ अलग कर दिया गया। कादीपुर के जंगल में शुभम के खेत में गड्ढा खोदकर धड़ दबाया गया। पुलिस ने आरोपी मोंटी त्यागी का चालान कर दिया। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। उधर, मृतक का गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। आरोपी रेणू अपने दूसरे पति विकसित उर्फ रॉकी को 18 मई को गाड़ी में ऋषिकेश ले जाने की बात कहते हुए लेकर गई थी। इसी रात हत्या की वारदात अंजाम दी गई। पकड़े गए आरोपी भोपा के गांव मलपुरा निवासी अभी त्यागी उर्फ मोंटी की गिरफ्तार से राज से पर्दा उठना शुरू हो गया है। पहले बादल ने अपने साथी मोंटी के साथ मिलकर रॉकी के साथ मारपीट की। इसके बाद गोली मार कर हत्या कर दी थी। दोनों स्कॉर्पियो गाड़ी में शव को लेकर उसे ठिकाने लगाने के लिए लेकर चल दिए। जगह न मिलने के कारण दोनों शव को लेकर सिखेड़ा, गंगा बैराज व भोपा, मोरना भी लेकर पहुंचे लेकिन सुरक्षित स्थान व मौका नहीं मिला तो दोनों ने अपने साथी कादीपुर निवासी साथी शुभम को बुलाया। तीनों ने शुभम के खेत में गड्ढा खोदकर गर्दन काटने के बाद धड़ को जमीन में दबा दिया था। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक की पत्नी रेणू, पुत्रवधू निशा, बेटा बादल व उसका दोस्त मोंटी व शुभम कहीं न कहीं शामिल रहे हैं। हत्या व शव छिपाने में मोंटी, बादल व शुभम की भूमिका सामने आई है। पुलिस की टीम बनाई है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों को हरियाणा, पंजाब तक तलाशा जा रहा है। तीनों आरोपी आपस में दोस्त हैं। गिरफ्तार आरोपी का चालान कर दिया है।