मेहनत के दम पर आगे बढ़ने और आर्थिक परिस्थितियों को अपने सपनों की राह में बाधा न बनने देने की उम्मीद के साथ रविवार को विद्यार्थियों ने अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा दी। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आईएफटीएम विश्वविद्यालय में आयोजित परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्र-छात्राएं सुबह सात बजे से ही अभिभावकों के साथ पहुंचने लगे। परीक्षा केंद्र पर विद्यार्थियों में उत्साह दिखाई दिया। कक्षा नौ से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए प्रश्नपत्र हल किए। परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के बाद विद्यार्थियों ने निर्धारित प्रक्रिया पूरी की और अपने लिए आवंटित कक्षों में बैठकर परीक्षा दी।