23 यूपी बटालियन एनसीसी मुरादाबाद की सब यूनिट महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज के कैडेट्स के द्वारा एनसीसी दिवस के उपलक्ष्य में एक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कैडेट्स भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाते हुए चल रहे थे। लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। साइकिल रैली महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज से शुरु होकर ग्रीन मिडोज स्कूल, अटल पथ, जिगर कॉलोनी, चक्कर की मिलक होती हुई वापस स्कूल पर आकर समाप्त हुई। सभी कैडेट्स तिरंगा लेकर चल रहे थे। साइकिल रैली के माध्यम से कैडेट्स ने पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया। कैडेट्स ने कहा कि यदि किसी काम से आस-पास ही जाना हो तो हमें पेट्रोल व डीजल से चलने वाले वाहनों का कम प्रयोग करना चाहिए। इससे प्रदूषण नियंत्रण में सहयोग मिलेगा। साथ ही साइकिल चलाने से अपना शरीर भी स्वस्थ रहेगा। इस दौरान अंडर आफिसर अनूप यादव, फैजान, विशेष कुमार, अमन, मोनू आदि मौजूद रहे।