किसान दिवस में एक संगठन से सिर्फ दस लोगों को बैठक में शामिल करने की अनुमति दिए जाने पर भाकियू टिकैत गुट के पदाधिकारी भड़क गए। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित किसान दिवस का बहिष्कार कर पदाधिकारी बाहर निकल आए और डीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। वार्ता के लिए एसडीएम बिलारी और एडीएम वित्त एवं राजस्व पहुंचीं लेकिन पदाधिकारी डीएम से वार्ता करने की जिद पर अड़े रहे। कलेक्ट्रेट में देर रात तक धरना जारी रहा। कलक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया जिसमें किसानों के विभिन्न संगठन के पदाधिकारी पहुंचे। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बैठक में शामिल रहे। भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष धनेंद्र शर्मा का आरोप है कि किसान 12 बजे से सभागार में बैठे थे। किसान दिवस में पहुंचे डीएम ने एक संगठन से दस लोगों को बैठक में शामिल होने की अनुमति दी। बाकी लोगों को बाहर जाने को कहा। जिस पर टिकैत गुट के पदाधिकारी भड़क गए। विरोध जताते हुए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सभागार से बाहर निकल आए।