मुरादाबाद के नागफनी के बंगला गांव स्थित अकबर कंपाउंड में पीतल कारोबारी इमरान के घर रविवार की देर रात करोड़ों का डाका किसी और ने नहीं, उनकी बेटी अरीबा ने अपने प्रेमी अरशद के साथ मिलकर डलवाया था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने अरीबा, अरशद समेत वारदात में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, अरीबा ने ही रिमोट से डिजिटल लॉक खोलकर बदमाशों को अंदर बुलाया था। पुलिस ने 47.24 लाख रुपये बरामद कर लिए। घटना में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि इमरान अपने परिवार के साथ अकबर कंपाउंड में दो मंजिला मकान में रहते हैं।