नोएडा एसटीएफ व बांदा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मेरठ के कंकरखेड़ा में एक मकान पर छापा मारकर 50 हजार के इनामी गैंगस्टर यशपाल पुत्र धारा सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर बांदा में एनडीपीएस का मुकदमा दर्ज था। मुकदमा दर्ज के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के रोहटा रोड पर शुक्रवार सुबह दिन निकलते ही एक मकान पर नोएडा एसटीएफ व बांदा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छापा मारा। कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र में भगदड़ का माहौल हो गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में फरार चल रहे 50 हजार के इनामी बदमाश यशपाल को पकड़ लिया। पुलिस बदमाश को लेकर थाने आ गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी व उसके साथियों पर लगभग डेढ़ महीने पूर्व बांदा में एनडीपीएस का एक मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस बदमाश की तलाश में लगी हुई थी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर टीम अपने साथ ले गई है।