मेरठ। दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद सतर्कता बढ़ाते हुए सरूरपुर में चेकिंग अभियान चलाया। जिले की सीमाओं पर चल रहे सतर्कता अभियान के तहत थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने पुलिस टीम के साथ वाहनों की गहन जांच-पड़ताल की। अचानक की गई इस चेकिंग से गुजरने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि दिल्ली ब्लास्ट के बाद दूसरे जनपदों की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में भूनी चौराहे सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष चेकिंग जारी है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और कागजातों की जांच को प्राथमिकता दी जा रही है। पुलिस टीम ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बारीकी से जांच करते हुए लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों ने राहगीरों से पहचान पत्र व वाहन कागजात दिखाने का अनुरोध किया और बिना कागजात वालों को सख्त हिदायत दी। बताया कि यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा, ताकि किसी भी तरह की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि को पहले ही रोका जा सके।