मेरठ में बिजली बिलों पर 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार लगाए जाने के विरोध में शुक्रवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश के बैनर तले व्यापारियों ने ऊर्जा भवन पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व लोकेश अग्रवाल ने किया। प्रदर्शनकारी व्यापारियों ने आरोप लगाया कि पहले से ही बढ़ती महंगाई और व्यापारिक चुनौतियों के बीच बिजली बिलों पर अतिरिक्त अधिभार लगाने से व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। उन्होंने सरकार और ऊर्जा विभाग से इस निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि ऊर्जा शुल्क में वृद्धि का सीधा असर व्यापार, उद्योग और घरेलू उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया और चेतावनी दी कि मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।