मेरठ लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वसीम और अनस के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी रिक्शा, ऑटो, बस, ट्रेन और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों के मोबाइल चोरी करते थे। चोरी के मोबाइलों को बाद में सस्ते दामों पर बेच दिया जाता था। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और चोरी के मोबाइल खरीदने वाले लोगों की भी जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।