मेरठ की चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में पति की हत्या के आरोप में 9 महिलाएं बंद हैं। इनमें प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर शव को नीले ड्रम में सीमेंट से पैक करने की आरोपी मुस्कान, पति को सांप से डसवाकर हत्या कराने की आरोपी दामिनी और शूटर से पति की हत्या कराने के आरोप में जेल में बंद अंजलि जैसे चर्चित मामलों की आरोपी महिलाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा जेल में 6 ऐसी महिलाएं भी बंद हैं, जिनके खिलाफ आरोप है कि उनके उत्पीड़न या प्रताड़ना के चलते उनके पतियों ने आत्महत्या कर ली। मेरठ जेल की बैरक 12ए और 12बी में रह रहीं ये सभी महिलाएं न्यायिक प्रक्रिया के तहत निरुद्ध हैं और जेल में कौशल विकास कार्यक्रमों से भी जुड़ी हुई हैं। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के अनुसार, महिलाएं सिलाई, बुनाई और फुटबॉल निर्माण जैसे कार्य सीख रही हैं, ताकि उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि जेल प्रशासन बंदियों के पुनर्वास और कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दे रहा है।