मोदीपुरम स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के 18वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने 583 विद्यार्थियों को उपाधियां वितरित कीं और 22 टॉपर्स को मेडल दिए। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में छात्राओं की भागीदारी कम है। कृषि क्षेत्र में जितनी महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी, उतना ही ठीक होगा। महिलाओं के स्वास्थ्य का ध्यान रखें, तभी स्वस्थ समाज का निर्माण सम्भव होगा। छात्रों व शिक्षकों को नसीहत देते हुए कहा कि समाज के लिए उपयोगी कार्य करें। गांव-गांव जाकर किसानों को तकनीक व विकसित उन्नत बीजों का लाभ प्रदान करें। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के बढ़ते दुरुपयोग पर चेताते हुए कहा कि अपने बच्चों को संस्कार दीजिए। एआई के कारण मोबाइल पर बहुत खराब चीजें आ रही है। इससे सबक सीखकर एआई का सदुपयोग करना चाहिए। संचालन कुलसचिव डॉ. रामजी सिंह ने किया।