मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शर्मा नगर में हेड कांस्टेबल विभोर कुमार एक मकान में किराए पर रह रहे थे। बुधवार देर रात सिगरेट या बीड़ी की चिंगारी से उनके कमरे में आग लग गई। आग की चपेट में आने से हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। शामली निवासी विभोर 2011 बैच में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। विभोर वर्तमान में मेरठ पुलिस लाइन में तैनात थे और शर्मा नगर में किराए के मकान पर रह रहे थे। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि बुधवार रात उनके मकान मालिक ने देर रात लगभग 3:30 बजे कमरे से धुआं निकलते देखा तो शोर मचा दिया था। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे थे। इसके बाद मकान मालिक ने दरवाजा तोड़कर देखा तो अंदर कमरे में हेड कांस्टेबल का जला हुआ शव बिस्तर पर पड़ा था। मकान मालिक ने पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी। सूचना पर डायल 112 व आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हेड कांस्टेबल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंची। एसएसपी का कहना है कि प्रथम जांच में धूम्रपान से आग लगा प्रकाश में आया है। मामले की जांच की जा रही है।