मेरठ। मोदीपुरम के सिवाया टोल प्लाजा पर शुक्रवार देर रात चालक ने स्कार्पियो से पहले ब्लू लाइन में रखे ड्रम में टक्कर मारी और फिर टोलकर्मी पर चढ़ाने की कोशिश की। गनीमत रही टोलकर्मी बच गया। इस मामले में मैनेजर अनुज सोम ने थाने पर तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अनुज सोम ने बताया कि आरोपी चालक शुक्रवार देर रात टोल पर आकर रुका और टोल टैक्स कटने के बाद जैसे ही आगे बढ़ा तो उसकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और नीले ड्रम से टकरा गई। स्काॅर्पियो सवार ने गाड़ी को तेज गति से चलाते हुए टोल पर चक्कर लगाने शुरू कर दिए। टोलकर्मी एकत्रित हुए और उसे पकड़ने का प्रयास किया, तो आरोपी ने टोलकर्मी में टक्कर मारने की कोशिश की। इसके बाद आरोपी स्कॉर्पियो लेकर भाग निकला। चालक की यह करतूत सीसीटीवी फुटेज में दिख रही है। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि तहरीर और फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।