मेरठ। निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर शनिवार को सरधना तहसील सभागार में एसडीएम उदित नारायण सेंगर की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों ने एसआईआर प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता की मांग करते हुए घर-घर सत्यापन को सुचारू और समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने की आवश्यकता जताई। बैठक में सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान ने एसआईआर कार्य की धीमी प्रगति पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके फॉर्म को समय पर प्राप्त नहीं किया गया और दस दिन बाद प्राप्त होने के कारण बड़ी संख्या में लोग विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया से बाहर हो सकते हैं। इस देरी को उन्होंने मतदाता सूची संशोधन कार्य में मौजूद गंभीर कमियों का कारण बताया।