मेरठ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत चल रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में सरधना के श्रीराम लीला मैदान में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रांत प्रचार प्रमुख सुरेंद्र जबकि मुख्य वक्ता गौतम खट्टर एवं संत शाश्वतानंद रहे। कार्यक्रम के दौरान गायक विक्रांत ठाकुर ने सनातन संस्कृति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह में जोश भर दिया। वहीं, नगर के प्रख्यात कवि संजय सत्यम ने अपनी ओजस्वी कविताओं के माध्यम से लोगों में ऊर्जा का संचार किया। नगर खंड प्रचारक उदय एवं नगर कार्यवाह अजय के सानिध्य में आयोजित सम्मेलन में वक्ताओं ने वर्तमान समय में हिंदू सम्मेलनों की आवश्यकता, संघ की 100 वर्षों की यात्रा एवं उसके उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि सनातन संस्कृति के मूल सिद्धांतों को न समझ पाने के कारण समाज बार-बार अपनी आस्थाओं और व्यवस्थाओं पर हो रहे प्रहारों का सामना कर रहा है।