नगर निगम ने गैस की पाइपलाइन तोड़ी, 2 घंटे सैकड़ो घरों की आपूर्ति रही प्रभावित
मेरठ। रुड़की रोड स्थित कृष्णा नगर कॉलोनी के गली नंबर 6 के बाहर नगर निगम के कर्मचारियों ने खुदाई करते समय गैल गैस की पाइपलाइन तोड़ दी जिसके कारण क्षेत्र के सैकड़ो परिवारों की गैस आपूर्ति प्रभावित हो गई। गैल गैस कंपनी के कर्मचारियों ने 2 घंटे की मशक्कत करने के बाद गैस की पाइपलाइन को ठीक किया उसके बाद ही गैस आपूर्ति सुचारू हो पाई।
रुड़की रोड पर छठी वाहिनी पीएसी कृष्णा नगर डोरली अंसल टाउन रोशनी कुंज कॉलोनी और पल्लवपुरम आदि क्षेत्रों में गेल गैस की आपूर्ति होती है। सोमवार सुबह लगभग 11:00 बजे नगर निगम के कर्मचारी कृष्णा नगर में खुदाई कर रहे थे इस दौरान गैस की पाइपलाइन टूट गई और गैस आपूर्ति प्रभावित हो गई इन समस्त कॉलोनी में रहने वाले परिवारों में गैस की आपूर्ति प्रभावित होते ही हलचल मच गई। लोगों ने गेल गैस कंपनी के अधिकारियों से संपर्क साधा तो पाइपलाइन टूटने की जानकारी मिल सकी। गेल गैस कंपनी के महाप्रबंधक विनय कुमार ने बताया कि नगर निगम आदि सड़क पर कार्य करने वाले सभी विभागों को पूर्व में पत्र लिखकर अवगत कराया जा चुका है कि वह गैस की पाइपलाइन के ऊपर कार्य न करें इसके बावजूद भी नगर निगम के कर्मचारी आए दिन कहीं न कहीं गैस की पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा रहे हैं। जिससे उपभोक्ताओं को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। कृष्णा नगर में नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा पाइपलाइन को ठीक करने में कर्मचारियों को लगभग 2 घंटे मशक्कत करनी पड़ी इसके बाद क्षेत्र के परिवारों को गैस की आपूर्ति दी गई।