हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष मनीष सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया।यह प्रदर्शन मास्टर प्लान के अवर अभियंता के खिलाफ था। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि अवर अभियंता द्वारा भवनों के नक्शे को लेकर भ्रष्टाचार कर धन उगाही करते हैं।अवर अभियंता की जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन भी सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में जिलाध्यक्ष मनीष सिंह ने कहा कि मऊ का मास्टर प्लान विभाग भ्रष्टाचार अवैध धन उगाही घूसखोरी और दलाली का प्रमुख अड्डा बन गया है। आरोप लगाया कि पैसा लेकर बिना जांच पड़ताल के सरकारी जमीन पर अवैध मानचित्र स्वीकृत कर दिया गया है, सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण को संरक्षण दिया जा रहा है। वहीं राष्ट्रीय प्रवक्ता नरेंद्र सिंह ने कहा कि मऊ का जिला प्रशासन गहरी निद्रा में सो रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के नाक के नीचे भ्रष्टाचार का खेल खुल्लम-खुल्ला हो रहा है। लेकिन इस गंभीर विषय से जिले के आला अफसर अनजान है या जान बूझकर इस गंभीर विषय पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान विभाग के काले कारनामे से शासन और प्रशासन की छवि लगातार खराब हो रही है। इस मौके पर योगेंद्र प्रजापति,रोशन सोनी, आर्यन सिंह, राजकुमार मौर्य आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।