मऊ में घोसी कोतवाली क्षेत्र के विक्कमपुर गांव निवासी मनजीत चौहान के घर पुलिस ने शनिवार को कुर्की की नोटिस चस्पा की है। आरोप है कि मनजीत ने युवती को प्रेमजाल में फंसाकर यौन शोषण किया और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। युवती की तहरीर के आधार पर बीते 10 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। लेकिन वो पकड़ से दूर है और न्यायालय में भी हाजिर नहीं हुआ। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉ. केपी सिंह ने बीते 15 जुलाई को कुर्की का आदेश दिया था। कोतवाल रविंद्रनाथ राय ने बताया कि आरोपी को एक माह के अंदर पुलिस या कोर्ट के समक्ष आत्म समर्पण करने का संदेश दिया गया है।