मथुरा के साैंख में विगत तीन दिन पूर्व सड़क किनारे पड़ी पाइपों को जेसीबी की मदद से ट्रक सवार चोरी कर ले गया। पाइप गांव में जल जीवन मिशन के तहत डाली जा रही थी। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना को लेकर कंपनी के मालिक ने नामजद ड्राइवर और जेसीबी मालिक के खिलाफ थाना मगोर्रा में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। थाना मगोर्रा के गांव नगला देविया में पिछले माह से जल जीवन मिशन योजना के तहत पानी की पाइप डालने का कार्य चल रहा है। यह कार्य निजी कंपनी द्वारा किया जा रहा है। विगत सोमवार को गांव के सड़क किनारे पड़ी पाइपों को अज्ञात ट्रक सवार जेसीबी की मदद से चोरी कर ले गया। घटना सीसीटीवी कैमरो में कैद हो गई। चोरी की सूचना पर कंपनी मालिक अनुराग पांडेय पहुंच गए और पाइपों की जानकारी ली। अनुराग पांडेय ने नामजद जेसीबी के मालिक और ड्राइवर के खिलाफ थाना मगोर्रा में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अनुराग पांडेय ने बताया कि गांव में पाइप लाइन डालने का कार्य चल रहा है। मैं अपने निजी कार्य से घर चला गया था। पीछे से ट्रक सवार युवक जेसीबी की मदद से 110 पाइपों को लादकर चोरी कर ले गया है। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद है। सीओ अनिल कुमार सिंह का कहना है की पाइप चोरी के मामले में कंपनी के मालिक ने तहरीर दी है। घटना की जांच की जाएगी।