मथुरा में चैंबर तोड़ने के मामले में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव के खिलाफ गलत बयानबाजी को अध्यक्ष और सचिव ने गंभीरता से लिया है। बार अध्यक्ष की संस्तुति पर सचिव ने दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिन का समय दिया है। दो दिन के अंदर दोनों बार कार्यालय में उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण देंगे, यदि ऐसा नहीं किया तो दोनों को बार की स्थाई सदस्यता से निलंबित किया जाएगा। साथ ही बार काउंसिल ऑफ यूपी की सदस्यता खत्म करने को भी पत्र भेजा जाएगा। बार सचिव शिव कुमार लवानिया ने बताया कि शनिवार की रात को जिला प्रशासन ने एसपी कार्यालय के पीछे अधिवक्ताओं के चैंबर तोड़ दिए थे। इसको लेकर बार एसोसिएशन और जिला प्रशासन के बीच वार्ता चल रही है। जल्द ही वार्ता का सकारात्मक परिणाम सबके सामने होगा। बार की सदस्य पूजा वर्मा और भगवान सिंह वर्मा ने बुधवार को बार अध्यक्ष और सचिव पर गंभीर आरोप लगाए। साथ ही गलत बयानबाजी की। इसके चलते दोनों को नोटिस दिया है। दो दिन के अंदर दोनों बार के कार्यालय में मौजूद होकर लिखित में अपना स्पष्टीकरण देंगे। यदि ऐसा नहीं करते तो उनकी बार और बार काउंसिल ऑफ यूपी की सदस्यता निलंबित को पत्र जारी किया जाएगा। इधर भगवान सिंह वर्मा और पूजा वर्मा ने कहा कि वह इस तरह के नोटिस से डरने वाले नहीं हैं। पूजा वर्मा ने बताया कि वह बार सचिव पद की प्रत्याशी है। उन्हें चुनाव लड़ने से रोकने के लिए वर्तमान पदाधिकारी षड्यंत्र रच रहे हैं।