मथुरा में खुले नालों को लेकर नगर निगम की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई। सोमवार रात करीब 10 बजे बीएसए कॉलेज के समीप दो आवारा सांड़ आपस में भिड़ते हुए खुले नाले में गिर गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल नगर निगम को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक कोई राहत टीम मौके पर नहीं पहुंची। मजबूरन वृंदावन के गौरक्षक दल को बुलाया गया। गौरक्षकों ने काफी प्रयास किए, लेकिन दोनों भारी-भरकम गोवंशों को नाले से बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। इसके बाद फायर ब्रिगेड, नगर निगम और जेसीबी की सहायता ली गई। करीब दो घंटे तक चले संयुक्त रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों सांडों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वृंदावन स्थित गौशाला भेज दिया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर निगम के प्रति नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि बीएसए कॉलेज के पास यह खुला नाला लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बना हुआ है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद इसे ढकने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका आरोप है कि शहर में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के दावे किए जाते हैं, लेकिन ऐसे खुले नाले नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।