मथुरा के गोवर्धन में यूजीसी से जुड़े नए प्रावधानों के विरोध में बुधवार को सवर्ण समाज के लोगों ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से नियमों पर पुनर्विचार करते हुए संशोधन की मांग उठाई। रैली के दौरान विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने नारेबाजी कर आक्रोश जताया। रैली की शुरुआत गोवर्धन बस स्टैंड से हुई। मुख्य मार्गों से होते हुए प्रदर्शनकारी चंद्रागार्डन स्थित विराट हिंदू सम्मेलन स्थल तक पहुंचे। प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि यूजीसी के नए प्रावधान समाज के एक वर्ग के हितों के प्रतिकूल हैं, जिससे व्यापक असंतोष की स्थिति है। रैली में भाजपा से जुड़े रामधन शर्मा, बांकेलाल शर्मा, विश्व हिंदू परिषद के विजय राघव, गोरक्षक धीरज कौशिक सहित कई लोग मौजूद रहे। इसके अलावा श्रीराजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष डॉ. सीताराम, करणी सेना जिलाध्यक्ष कान्हा ठाकुर, माधव सिंह, दिनेश कौशिक, अनुभव कटारा, सूरज ठाकुर, सौरभ लंबरदार, सीताराम पंडित (वृंदावन), मोहित शर्मा, रामदास ठाकुर, राधारमन ठाकुर, करन ठाकुर, नीटू ठाकुर आदि शामिल हुए।