मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र स्थित सूर्य नगर कॉलोनी में बृहस्पतिवार की रात पारिवारिक विवाद के चलते पति ने पहले पत्नी को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली से उड़ा दिया। दोनों की मौत से कॉलोनी में सनसनी फैल गई। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के दतिया जिले के बसई थाना क्षेत्र के कंधारी गांव की रहने वाली पोखन (23) ने छिबराबारी, भेल झांसी के रहने वाले मिथुन (27) से पांच साल पहले लव मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों में विवाद हो गया। इसके बाद दोनों अलग-अलग रहने लगे। पोखन गोंडा में किसी स्पा सेंटर में काम करने लगी थी। मिथुन भी झांसी में ही काम करता था। 8 दिन पहले पोखन अपनी सहेली रागिनी के यहां मथुरा आई थी। रागिनी गोवर्धन रोड स्थित सूर्यलोक कॉलोनी में किराये के मकान में रहती है और पार्लर में काम करती है। पोखन ने भी यहीं काम करना शुरू कर दिया। मिथुन उसकी तलाश में मथुरा पहुंच गया।