मथुरा के वृंदावन में बैकुंठ एकादशी के मौके पर मंगलवार को श्रीबांकेबिहारी मंदिर में आराध्य के दर्शन को भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर द्वार से विद्यापीठ चौराहा तक लंबी कतारों में लगे भक्त बमुश्किल मंदिर तक पहुंचे। उधर, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि शाम को भक्तों की संख्या सामान्य रही। इस दौरान लाखों श्रद्धालुओं ने नगर की पंचकोसी परिक्रमा लगाकर पुण्य लाभ भी अर्जित किया। श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवायत और हाई पावर्ड कमेटी के सदस्य दिनेश गोस्वामी ने बताया कि नए साल के पहले से ही लगातार भारी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन आराध्य के दर्शन को मंदिर आ रहे हैं। एकादशी पर सुबह भीड़ अधिक रही। लगभग 50 हजार श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के दर्शन किए।