वृंदावन से वनखंडी तिराहे पर खुले पडे़ विद्युत पैनल बॉक्स में करंट लगने से हरियाणा की महिला श्रद्धालु गिर पड़ी। करंट से महिला का हाथ फट गया। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कार्तिक का महीना चल रहा है। श्री बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ भी उमड़ रही है। इस बीच बिजली विभाग की लापरवाही के कारण सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे हरियाणा के कैथल से आए दो दर्जन श्रद्धालुओं का दल वनखंडी तिराहा से गुजर रहा था तभी खुले पड़े विद्युत पैनल बॉक्स से करंट की चपेट में आकर 60 वर्षीय मिन्द्रो देवी गिर गईं और गिरने के कारण वह घायल हो गई। करंट से महिला की कोहनी और गर्दन में चोट हो गई। काफी देर परिजनों द्वारा हाथ पैरों की मालिश के बाद हालत में उनकी आंख खुली।