मथुरा के बलदेव में ब्रजराज श्री दाऊजी महाराज मंदिर में भी होली का उल्लास जारी है। गुलाल की वर्षा से श्रद्धालु सराबोर होकर आनंदित हो रहे हैं। सुबह विशेष अभिषेक श्रृंगार के बाद श्री दाऊजी महाराज को विभिन्न गुलाल लगते हैं, इसके बाद गुलाल की वर्षा श्रद्धालुओं पर प्रतिदिन हो रहीं हैं। मंदिर में समाज गायन प्रतिदिन सुबह-शाम हो रहे हैं। समाज गायन में होली के विभिन्न पदों बलराम कुमार होरी खेलें सखीन सहित रेवती विराजै बलराम होरी खेलें, एरी सखी निकसे हैं दाऊदयाल, खेलन ब्रज में फाग री एरंग हो हो होरियां आदि पदों का गायन उत्साह के साथ हो रहा है। समाज गायक वैणीमाधव पांडेय ने बताया कि बलदेव की समाज गायन अपने आप में अनूठी है, ऐसी समाज गायन कहीं भी देखने को नहीं मिलेगी। समाज गायन में विभिन्न वाद्य यंत्रों ढोलक, ढोल, ढप, मजीरा आदि की गूंज से मंदिर प्रांगण गुंजायमान हो रहा है। चारों ओर होली का महोत्सव बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।