पुरानी रंजिश में युवक के कुल्हाड़ी से दोनों हाथ काटे जाने के मामले में पुलिस ने भाजपा नेता समेत दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना में तीन आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं। इस मामले में शामिल पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी होने से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है। शहर के मोहल्ला समदनगर निवासी जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की 14 जुलाई की रात छतरपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप में बाइक में पेट्रोल डलवाने गया था। तभी पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया था। कुल्हाड़ी से कई बार किए जाने से युवक के दोनों हाथ कटकर लटक गए थे और सिर व पैर में गंभीर चोटें आईं थी। घायल के पिता बाबू सिंह ने भाजयुमो के पूर्व मीडिया प्रभारी शिवप्रताप सिंह और उसके साथियों पर हमले का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने शिवप्रताप सिंह, रोहित कुमार समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। इस घटना में शामिल मुख्य आरोपी रोहित कुमार, नादिर व अभिषेक श्रीवास को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। शेष दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें प्रयास कर रही थीं। सोमवार को कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय के नेतृत्व में गठित टीम ने घटना में शामिल भाजयुमो के पूर्व मीडिया प्रभारी शिवप्रताप सिंह परमार और राजेश उर्फ छोटू निवासी समदनगर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।