सूपा-श्रीनगर मार्ग पर बिलखी गांव के पास अरटिगा कार आग का गोला बन गई। कार में सवार दोनों युवकों ने कूदकर किसी तरह जान बचाई। एक घंटे तक कार के धूं-धूंकर जलने से आवागमन ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी रहीं। हरियाणा के गुरुग्राम निवासी राहुल सिंह अपने साथी विकास कुमार सिंह के साथ कार से महाकुंभ में स्नान करने गए थे। सोमवार की दोपहर दोनों लौट रहे थे। तभी बिलखी गांव के पास अचानक कार का पहिया पंक्चर हो गया। कार धीमी करते ही आग लग गई। लपटें व धुएं का गुबार उठने पर दोनों युवकों ने बाहर निकल किसी तरह जान बचाई। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग बुझाई। बताया जा रहा है कि सीएनजी सिलिंडर में आग लगने से कार धूं-धूंकर जली। थानाध्यक्ष अवधेश मिश्रा का कहना है कि सूचना पर दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग लगने से कोई भी हताहत नहीं हुआ।