सिंदुरिया। क्षेत्र के कसमसिया गांव में बकरी को निवाला बनाने के बाद तेंदुए ने एक युवक पर हमला कर दिया था। इससे लोगों में दहशत है।
पूरी रात लोगों की पहरेदारी में बीत गई, लेकिन तेंदुआ वन विभाग के पिंजरे में नहीं फंसा। मंगलवार को ग्रामीण घर से बाहर निकलने में घबरा रहे थे। आवश्यक कार्य के लिए वे समूह में ही निकले। दूसरे दिन भी वन विभाग की टीम मौके पर मुस्तैद रही।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम करीब चार बजे गांव निवासी जलालूद्दीन की बकरी कब्रिस्तान में घास चर रही थी। तभी तेंदुए ने उसको निवाला बना लिया। बकरी के चिल्लाने की आवाज सुनकर प्रदीप पहुंचे तो तेंदुए ने पंजा मारकर उन्हें घायल कर दिया था। ग्रामीण बताते हैं कि गांव के कब्रिस्तान में एक नहीं बल्कि चार तेंदुए हैं, जिसमें एक नर, एक मादा व दो उनके शावक हैं। इससे लोगों में दहशत है।
कब्रिस्तान के पास दक्षिण तरफ मकान बनाकर रहने वाले ग्रामीण बालगोविंद यादव, कोदई यादव, सुभाष, सुदर्शन व यशपाल वर्मा ने बताया कि तेंदुए को देखकर हम लोगों का परिवार डरा हुआ है। खौफ के कारण घर से नहीं निकल पा रहे हैं। लोग खेतों की तरफ जाने से डरने लगे हैं।
वहीं लगातार दो दिनों से मौके पर तेंदुए को पकड़ने के लिए दक्षिणी चौक रेंज, उत्तरी चौक रेंज के वन कर्मियों की फोर्स लगातार प्रयास कर रही है। वन विभाग की टीम को देखकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई थी। दूसरे दिन भी जाल और पिजरा लगाने के बाद भी तेंदुआ वनविभाग की पकड़ से दूर रहा। रेस्क्यू टीम में वन सुरक्षा अधिकारी मोहन सिंह, उत्तरी चौक रेंजर आरपी सिंह, सिंदुरिया थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा, वन दरोगा नित्यानंद मौर्या आदि वनकर्मी तैनात रहे।
हमीरपुर में अंबेडकर सम्मान यात्रा निकालते हुए कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता। स्रोत : संवाद