महराजगंज। जिले के घुघली थाना क्षेत्र के पड़री खुर्द में सिलिंडर रिफिलिंग के दौरान रिसाव से लगी आग में झुलसी सात बच्चियों और महिला का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। गांव में घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, घायलों की हालत में सुधार हो रहा। दो चिकित्सकों की एक टीम बनाई है, जो हर घंटे स्थिति की जांच कर रही है। घायलों की उम्र और स्थिति के आधार पर उनके उपचार में सभी सावधानियां बरती जा रही हैं। जिला अस्पताल के वरिष्ठ डॉ. महेश प्रजापति ने बताया कि गंभीर जलन में धीरे-धीरे कमी हो रही है। यहां किसी की हालत अभी गंभीर नहीं है। घायल ललिता ने बताया कि जलन से अभी कुछ खास राहत नहीं मिल रही है। क्रीम लगाने पर थोड़ा बहुत राहत मिल रहा है।
पीड़ितों का हाल जाने केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी और सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया जिला अस्पताल में पहुंचे। जहां पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने जिला अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि इलाज में सभी प्रकार की बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाए।
सीएमएस डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि भर्ती सभी घायलों का दो डाॅक्टरों की निगरानी में इलाज हो रहा है। घायलों की स्थिति ठीक है। जल्द ही सेहत में सुधार होगा।