लखीमपुर खीरी के निघासन क्षेत्र के गोविंदपुर फार्म में घर में घुसकर तीन लोगों पर हमला करने वाले तेंदुए को कई घंटों की मशक्कत के बाद ट्रेंकुलाइज कर वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया। बेहोश होने पर वनकर्मी भैंसोली में घुसे और तेंदुए को बमुश्किल बाहर निकाला। पिंजड़े में रखकर दुए को रेंज ऑफिस ले गई। फील्ड डायरेक्टर ललित कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे थे। बता दें कि शुक्रवार को सुबह-सुबह गोविंदपुर फार्म में तेंदुआ घुस गया था। उसने घर में चाय पी रहे लोगों पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे तीन लोग घायल हो गए। इसके बाद तेंदुआ गांव के बाहर बनी भैंसोली (भूसा रखने की जगह) में घुस गया। सूचना पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम पहुंची। डॉक्टर रमन गुप्ता ने तेंदुए को बेहोश करने के लिए निशाना साधा तो तेंदुए ने ट्रेंकुलाइजर गन को मुंह में दबाकर खींच लिया। इसके चलते कुछ देर रेस्क्यू बाधित रहा था।