प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) शुक्रवार को लखीमपुर खीरी जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हुई। परीक्षा में 20 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। दो पालियों में आयोजित परीक्षा के लिए सुबह से ही केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी। पहली पाली के लिए सुबह आठ बजे से चेकिंग के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। इस बीच अभ्यर्थियों के कलावा, चिमटी, कड़े, क्लेचर, बेल्ट आदि उतरवाए गए। परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। शहर के धर्म सभा इंटर कॉलेज, पीके इंटर कॉलेज, अबुल कलाम आजाद गर्ल्स इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, कृषक समाज इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, गांधी विद्यालय और राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) समेत 25 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की जांच की गई। इसके बाद उन्हें निर्धारित कक्षों में भेजा गया। पीईटी में शामिल होने के लिए कानपुर, लखनऊ, सीतापुर, बहराइच और गोंडा समेत आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी लखीमपुर पहुंचे हैं। बाहरी जिलों से आए अभ्यर्थियों के चलते सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के आसपास चहल-पहल रही। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह दिखाई दिया।