लखीमपुर खीरी के मितौली क्षेत्र में अमर शहीद राजा लोने सिंह की गढ़ी पर स्थित खंडहर में सोमवार सुबह युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के शव खून से लथपथ मिले। युवती का चेहरा क्षत-विक्षत था, जबकि युवक के सिर का कुछ हिस्सा नहीं था। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ एसपी और सीओ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि प्राथमिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि पहले युवती को गोली मारी गई, फिर युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान हो गई है। सभी पहलुओं पर जांच कराई जा रही है।