लखीमपुर खीरी जिले में शनिवार को सुबह से घना कोहरा छाया रहा। कड़ाके की ठंड में बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। शहर से लेकर देहात तक घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता शून्य हो गई। सुबह 11 बजे तक वाहनों की लाइटें भी जलती रहीं। थोड़ी दूर भी नजर आना मुश्किल हो गया। जिले में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर आठ डिग्री तक पहुंच गया है। चिकित्सकों ने सर्दी के मौसम में खांसी, जुकाम से बचाव के लिए गुनगुने पानी के सेवन की सलाह दी है। ऐसे मौसम में बच्चों व बुजुर्गों का खास ख्याल रखने की जरूरत है।