लखीमपुर खीरी में ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल पर जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रम हुए। शहर से सटे लाहौरीनगर स्थित वीरबाबा मंदिर, कोतवाली के निकट के हनुमान मंदिर, गुलरीपुरवा स्थित बालाजी मंदिर, शारदानगर स्थित बालाजी मंदिर समेत जिलेभर के हनुमान मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह भंडारे हुए। लोगों को शरबत वितरण किया गया। शारदानगर के बालाजी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ जुटी। यहां लोगों ने लंबी कतार में लगकर बजरंगबली के दर्शन किए और प्रसाद चढ़ाया। मंदिर परिसर में आसपास भक्तों ने कई भंडारों का भी आयोजन किया। बेलरायां में पहले बड़े मंगल के अवसर पर रेलवे स्टेशन मार्ग के शिव मंदिर परिसर में विशाल भंडारा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। उधर, गोला गोकर्णनाथ के मिल मार्ग सब्जी मंडी स्थित श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर में 21वें वार्षिकोत्सव की शुरुआत हुई। यहां सुबह 9:00 बजे ध्वजारोहण एवं श्री गणेश पूजन के बादभोग व वानर भंडारा का कार्यक्रम हुआ।