सपा छात्र नेताओं ने बृहस्पतिवार को मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में शहर के उदित नारायण डिग्री कॉलेज परिसर में हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। छात्र नेताओं की तरफ से संचालित हस्ताक्षर अभियान पूरा होने के बाद 30 जुलाई को राजभवन पर प्रदर्शन कर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा। छात्र संघ उपाध्यक्ष राम लखन यादव ने कहा कि शिक्षा के मंदिर पर बुलडोजर चलाने की मानसिकता लोकतंत्र, संविधान और शिक्षा के अधिकार के विरुद्ध है। किसी भी संस्था से संबंधित विवाद का समाधान कानून और न्यायालय के माध्यम से होना चाहिए, न कि बुलडोजर की राजनीति के जरिए। उन्होंने कहा कि मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय हजारों छात्र-छात्राओं के भविष्य से जुड़ा हुआ है। इस पर किसी भी प्रकार की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से विद्यार्थियों की शिक्षा और भविष्य प्रभावित होगा। समाजवादी पार्टी इस कार्रवाई का लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने मांग की कि मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई को तत्काल प्रभाव से रोका जाए।