कासगंज में निजी चिकित्सक ने प्रसव के बाद रक्तस्राव न रुकने पर जिला अस्पताल ले जाकर प्रसूता की बच्चेदानी निकलवा दी। इससे परिजन में आक्रोश है। सीएमओ ने मामले की जांच के लिए डॉ. बीला रानी, डॉ. उत्कर्ष को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।पीड़ित पटियाली के अलीपुर दादर निवासी नीरज ने बताया कि पत्नी रजनी को प्रसव पीड़ा होने पर 12 नवंबर को कमला नर्सिंग होम दुर्गा कॉलोनी में भर्ती कराया। 13 नवंबर को सुबह सामान्य प्रसव से बेटी का जन्म हुआ। कुछ समय बाद ही अस्पताल की डॉ. रिचा ने उन्हें बताया कि पत्नी का बहुत तेज रक्तस्त्राव हो रहा है, जिला चिकित्सालय में ले जाना पड़ेगा। चिकित्सक स्वयं रजनी को वहां लेकर गईं और बच्चेदानी निकलवा दी। नीरज ने बताया कि उनकी एक साल पहले ही शादी हुई है। इससे परिवार में आक्रोश है। बृहस्पतिवार को परिजन कमला नर्सिंग होम पहुंचे। आक्रोशित परिजन चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे।