कासगंज के पटियाली में रेलवे रोड स्थित चौराहा के पास सोमवार को एक दुकान को खाली कराने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने जबरन दुकान का सामान निकालकर फेंकना शुरू किया तो दूसरे पक्ष ने फायरिंग कर दी। आरोप है कि इस दौरान एक गोली भाजपा नेता के चाचा को जा लगी। हालांकि, पुलिस आर्म्स इंजरी होने से इंकार कर रही है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसकी फुटेज वायरल हो रही है। रम्पुरा निवासी कृष्ण कुमार शर्मा रेलवे रोड स्थित चौराहे के पास स्थित एक दुकान में जन सेवा केंद्र चलाते हैं। यह दुकान उन्होंने कई साल से किराये पर ले रखी है। बीते दिनों भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राजू चौहान ने इस दुकान को सारांश वार्ष्णेय से खरीदा था। दुकान को खाली करने के संबंध में मामला न्यायालय में विचाराधीन है। सोमवार की दोपहर करीब 3 बजे राजू चौहान अपने चाचा रामप्रकाश उर्फ बंटू, भतीजे आकाश और अन्य लोगों के साथ दुकान खाली कराने पहुंचे।राजू पक्ष के लोगों ने दुकान का सामान निकालकर फेंकना शुरू किया तो दोनों पक्षों में विवाद के बाद मारपीट होने लगी। आरोप है कि इस दौरान कृष्ण कुमार ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर कई रांउड फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक गोली रामप्रकाश के जा लगी, जबकि दूसरी गोली आकाश के पैर को छूते हुए निकल गई।