कासगंज। सहावर थाना क्षेत्र के गांव वहापुर में गुरुवार ko एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर बेड पर पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार बताए जा रहे हैं। गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के गांव नगला मोड़ निवासी अनार सिंह ने बताया कि उनकी 25 वर्षीय बहन गायत्री की शादी करीब दो वर्ष पहले वहापुर निवासी सौदान सिंह के पुत्र गुड्डू के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग गायत्री को परेशान करते थे। अनार सिंह के अनुसार, गुरुवार सुबह उन्हें बहन की मौत की सूचना मिली। परिजन वहापुर पहुंचे तो गायत्री का शव घर के अंदर बेड पर पड़ा मिला। वहीं, ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार थे। मायके वालों ने पति गुड्डू और ससुर सौदान सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर सीओ दुर्गेश कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ दुर्गेश कुमार मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हैं। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।