स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर में देशभक्ति का रंग चढ़ता नजर आ रहा है। शहर के अलग-अलग इलाकों में तिरंगे झंडों और तिरंगे रिस्ट बैंड की दुकानें सज गई हैं। शुक्रवार से ही कानपुरवासी स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के तहत तिरंगे और राष्ट्रप्रतीक से जुड़ी सामग्री की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। बाजारों में छोटे-बड़े तिरंगे झंडे, तिरंगे रिस्ट बैंड और अन्य देशभक्ति से जुड़ी सामग्री लोगों को आकर्षित कर रही है। बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक में तिरंगा खरीदने को लेकर उत्साह नजर आ रहा है।