नेशनल हाईवे पर लापरवाही का एक और खौफनाक मंजर बुधवार दोपहर देखने को मिला। महाराजपुर थाना क्षेत्र में रहनस मोड़ के पास कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर अवैध रूप से डिवाइडर फांदने की कोशिश एक बाइक सवार की जान पर भारी पड़ गई। बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक ट्रैक्टर चालक नियमों को ताक पर रखकर अवैध कट से डिवाइडर फांदकर दूसरी लेन में घुसने लगा। इसी दौरान कानपुर से फ़तेहपुर जा रहे तेज रफ्तार से आ रही बाइक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार ट्रैक्टर में फंस गया और चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह ट्रैक्टर में फंसे घायल बाइक सवार को बाहर निकाला और उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। गनीमत रही कि उसकी जान बच गई, लेकिन उसे गंभीर चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुलिस और एनएचएआई की टीम आए दिन अवैध कट पार करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करती है, चालान काटती है, समझाती है। बावजूद इसके लोग बाज नहीं आ रहे। प्रकरण में थाना स्तर पर बनाई गई क्रिटिकल कॉरिडोर टीम के प्रभारी मोहम्मद फैजान ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें नहीं है। महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि हादसे में एक महिला को चोट आई है अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है यदि तहरीर मिलती है तो उसी आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।