भीषण गर्मी के इस मौसम में जहां इंसान धूप और लू से बचने के लिए घरों में दुबका हुआ है, वहीं बेजुबान पक्षी पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष कर रहे हैं। भीतरगांव ब्लॉक के तिवारीपुर गांव में रविवार को ऐसा ही मार्मिक दृश्य देखने को मिला। एक नन्हीं चिड़िया प्यास बुझाने के लिए फड़फड़ाते हुए घर के बाहर लगे नल की टोंटी पर आकर बैठ गई। बंद पड़े नल के मुहाने और पाइप के जोड़ में वह अपनी सुई जैसी पतली चोंच डालकर पानी की बूंद तलाशती नजर आई। काफी देर कोशिश करने के बाद उसे कुछ बूंदें मिलीं, जिन्हें पीकर वह उड़ गई। कुछ देर बाद दूसरी चिड़िया भी वहां पहुंची और फर्श पर फैली पानी की बूंदों को पीकर अपनी प्यास बुझाने लगी। भीषण गर्मी में पक्षियों की यह हालत लोगों को भावुक कर रही है। ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के दिनों में अपने घरों, छतों और पेड़ों के नीचे पक्षियों के लिए पानी के बर्तन जरूर रखें, ताकि बेजुबान परिंदों को राहत मिल सके।