राजधानी मार्ग पर दुर्गा मंदिर से लेकर मरहला चौराहा होकर उन्नाव टेंपो टैक्सी स्टैंड तक दोनों छोर पर करीब करीब 13.55 करोड़ की लागत से स्ट्रीट लाइट के लिए 1017 पोल लगाए गए थे। इसमें से ज्यादातर पोल जर्जर हो चुके हैं, स्ट्रीट लाइटें भी नहीं जल रही हैं। ऐसे में शुक्लागंज- उन्नाव मार्ग पर अंधेरा रहने से राहगीरों को दिक्कतें हो रही हैं। राजधानी मार्ग पर बना साइकिल ट्रैक भी रात में अंधेरे में डूब जाता है। करीब 10 साल पहले सपा सरकार में राजधानी मार्ग को टू लेने से फोरलेन किया गया था। लोगों की सहूलियत के लिए राजधानी मार्ग दुर्गा मंदिर से मरहला चौराहा होकर उन्नाव टेंपो टैक्सी स्टैंड तक सड़क के दोनों छोर और साइकिल ट्रैक पर करीब 13.55 करोड़ की लागत से स्ट्रीट लाइट के लिए 1017 पोल लगाए गए थे। इसमें शुक्लागंज क्षेत्र के अंतर्गत करीब 492 स्ट्रीट पोल लगाए गए, ताकि राहगीरों को रोशनी मिले और आवागमन सुगम हो सके। करीब एक साल के बाद इनकी दशा जर्जर होने लगी। लोक निर्माण विभाग की ओर से लगाए गए सभी पोल जर्जर अवस्था में पहुंच गए हैं, कई पोल गायब भी हो चुके है। उधर, इस बाबत पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन एचडी अहिरवार ने बताया कि स्ट्रीट लाइट पोल लगाने के बाद नगर पालिका व नगर पंचायत को हस्तांतरित कर दिया गया था, देखरेख की जिम्मेदारी उन्हीं की है।