महाराजपुर थाना क्षेत्र के नगरा गांव के बाहर शनिवार शाम खेतों के पास एक 28 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की तो मृतक के बगल में एक अवैध देशी तमंचा भी बरामद हुआ। युवक के सिर में गोली लगने के निशान पाए गए हैं। पुलिस फिलहाल इसे आत्महत्या मानकर जांच कर रही है। मृतक की पहचान नगरा सरसौल निवासी राहुल पाल उर्फ छोटू पुत्र श्याम बहादुर पाल के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों के अनुसार राहुल पाल हमीरपुर में एक मसाला फैक्ट्री में काम करता था और तीन दिन पहले ही गांव आया था। बड़े भाई सुरेंद्र पाल ने बताया कि शुक्रवार शाम उन्होंने छोटे भाई से शादी को लेकर बात की थी। कहा था कि उम्र हो रही है, एक अच्छी लड़की है, अगर इच्छा हो तो शादी करा देते हैं। इस पर छोटू ने हामी में सिर हिलाया और उठकर चला गया। उसके बाद वह घर नहीं लौटा। शनिवार शाम उसका शव घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर खेतों के पास मिला। एसीपी ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। परिजन और पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मान रहे हैं, लेकिन तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल फॉरेंसिक का इंतजार किया जा रहा है।