राह चलते फोन पर बात करने वाले लोगों से मोबाइल लूटने वाले दो लुटेरों को चमनगंज पुलिस ने सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने सात मोबाइल बरामद किए हैं। डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि 31 दिसंबर को लाटूश रोड निवासी फौजिया खान पीरोड से बजरिया पैदल जा रही थीं, इस दौरान हरसहाय स्कूल के पास स्कूटी सवार दो लुटेरों ने झपट्टा मारकर मोबाइल लूट लिया था। पीड़िता ने बजरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि पुलिस चुनौती लेते हुए लुटेरों की तलाश में लगी हुई थी। तभी सोमवार सुबह चमनगंज पुलिस चंद्रिका देवी चौराहे के पास चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस को जानकारी मिली कि डिप्टी पड़ाव के पास एक गली में दो युवक चोरी व लूट के मोबाइल बेचने की फिराक में खड़े हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर बेकनगंज निवासी इकराम और अल्तमश को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी व लूट के सात मोबाइल बरामद किए। डीसीपी ने बताया कि आरोपी राह चलते फोन पर बात करने वालों और बाजारों में लोगों को अपना निशाना बनाते थे। बताया कि आरोपी अल्तमश बाइक चलाता था, जबकि इकराम लूट की वारदात को अंजाम देता था। घटना में शामिल स्कूटी बरामद की गई है। इसके अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। अल्तमश पर तीन और इकराम पर दो मुकदमे दर्ज हैं। दोनों को जेल भेज दिया गया है।